Welcome to Shree Shanidham Trust

आज रात से लगेगा सूतक, सूर्य-ग्रहण 21 जून 2020 को प्रात से क्या रखें सावधानी

Submitted by Shanidham

इस वर्ष भारत में दिखाई देने वाला एक मात्र सूर्यग्रहण 21 जून 2020 को सुबह 9:15 बजे से शुरू होगा और दोपहर बाद 03:04 बजे तक रहेगा। आषाढ़ अमावस्या रविवार के  दिन लग रहा है। यह कंकण की आकृति वाला सूर्य ग्रहण है।  इस ग्रहण का मध्य 12:10 के आसपास रहेगा जिसमें सूर्य एक रिंग कंकणाकृति के रूप में नजर आएगा। 21 जून रविवार को पडऩे वाले ग्रहण का सूतककाल आज रात 09:15 बजे से शुरू हो जाएगा। हमारे सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोग हर ग्रहण का सूतक काल मानते हैं। इस दौरान पूजाघर और मंदिरों के दरवाजे बंद रहते हैं। लोग ग्रहण सूतक काल से पहले ही अपने देवी देवताओं की पूजा करके उनके दरवाजे बंद कर देते हैं। इसके बाद ग्रहण सूतक काल समाप्त होने पर लोग फिर मंदिर और पूजाघरों को खोलते हैं, मूर्तियों पर गंगाजल छिडक़ कर उन्हें पवित्र करते हैं और विधिवत पूजा पाठ पहले की तरह शुरू करते हैं। ग्रहण प्रारंभ 9:15 बजे, कंकण प्रारंभ 10:17 बजे, परम ग्रास 12:10 बजे, कंकण समाप्त 2:02 बजे, ग्रहण समाप्त 3:04 बजे।
भारत के राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड के उत्तरी क्षेत्रों में ही इस ग्रहण की कंकणाकृति दिखाई देगी। शेष भारत में यह आकृति धुंधली अथवा खंड ग्रास के रूप में ही दिखाई देगी।    
सूतक-काल क्या है ?
सनातन धर्म के अनुसार, किसी भी पूर्ण ग्रहण के शुरू होने से 12 घंटे पहले और ग्रहण के 12 घंटे बाद का समय ग्रहण सूतक-काल कहलाता है। मान्यता है कि इस दौरान मंदिरों में पूजा पाठ या कोई शुभ कार्य नहीं किया जाता। सूतक-काल समाप्त होने के बाद ही मंदिर खुलते हैं और लोग पूजा अनुष्ठान शुरू करते हैं।
ग्रहण-काल 6 घंटे लंबा होगा -
21 जून को सुबह 9:15 बजे ग्रहण शुरू हो जाएगा और 12:10 बजे दोपहर में पूर्ण ग्रहण दिखेगा। इस दौरान कुछ देर के लिए हल्का अंधेरा सा छा जाएगा। इसके बाद 03:04 बजे ग्रहण समाप्त होगा। यानी यह ग्रहण करीब 6 घंटे लंबा होगा। लंबे ग्रहण की वजह से पूरी दुनिया में इसकी चर्चा हो रही है।
विशेष सावधानी रखें गर्भवती महिलाएं -
भारतीय मान्यताओं के अनुसार, ग्रणह शुरू होने से लेकर ग्रहण समाप्त होने तक यानी ग्रहणकाल (21 जून को 09:15 से 03:04 बजे तक) में गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। घर के बुजुर्ग अपने पंडित की सलाह के अनुसार ही जरूरी उपाय अपनाएं। माना जाता है कि ग्रहण के दौरान महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। हालांकि मन में किसी प्रकार का भय या चिंता नहीं रखनी चाहिए। ग्रहण वाले दिन को भी आम दिनों की तरह एक सामान्य दिन मानना चाहिए।
सूर्य ग्रहण के दौरान ध्यान रखें ये बातें-
1. बच्चों से लेकर बड़ों तक कोई भी इस ग्रहण को बिना चश्मा के न देखें। नासा के अनुसार, सूर्य ग्रहण को देखने के लिए सोलर फिल्टर ग्लास वाले चश्में का इस्तेमाल करें।
2. यह भी सलाह है कि घर के बनाए जुगाड़ वाले चश्मे या किसी लेंस से सूर्य ग्रहण न देखें। इससे आपकी आंख पर बुरा असर हो सकता है।
3. ग्रहण के वक्त आकाश की ओर देखने से पहले सोलर फिल्टर चश्मा लगाएं और नजर नीचे करने के बाद या ग्रहण समाप्त होने के बाद ही इसे हटाएं।
4. एक अमेरिकी संस्था के अनुसार, ग्रहण के वक्त कार/अन्य वाहन न चलाएं।
5. लेकिन यदि कोई ग्रहण के वक्त रास्ते में ही है तो वह अपने वाहन की हेडलाइट जलाकर और अन्य वाहनों से कुछ दूरी बनाकर ही वाहन चलाए। ड्राइविंग में विशेष सावधानी बरतने की हिदायत है।
6. बच्चों को यदि ग्रहण दिखाने का प्लान बना रहे हैं तो उनकी आखों को बचाने वाले सोलर फिल्टर चश्मे की व्यवस्था जरूर कर लें।